नई दिल्ली: एसबीके सिंह को मिला दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार

New Delhi: SBK Singh given additional charge of Delhi Police Commissioner

नई दिल्ली: वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक आदेश में बताया गया कि 1988 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी एसबीके सिंह 1 अगस्त, 2025 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

वर्तमान में दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक के रूप में कार्यरत सिंह को अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस प्रमुख का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। यह नियुक्ति वर्तमान कमिश्नर संजय अरोड़ा के सेवानिवृत्त होने के बाद की गई है। संजय अरोड़ा 31 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं।

गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस नियुक्ति को मंजूरी देते हुए कहा कि यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया है। आदेश की प्रतियां दिल्ली के मुख्य सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं। साथ ही, इसे गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।

गौरतलब है कि एसबीके सिंह को पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव के लिए जाना जाता है। उनकी नियुक्ति प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है, जो कि मौजूदा कमिश्नर के कार्यकाल की समाप्ति के बाद किया गया है।

संजय अरोड़ा, जो तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, ने 1 अगस्त 2022 को राकेश अस्थाना की जगह दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पद संभाला था।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment