पटना: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन ने राज्यभर में ‘जनसंवाद यात्रा’ निकालने का फैसला किया है। इस यात्रा का उद्देश्य एनडीए सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाना और विपक्षी एकता का प्रदर्शन करना है।
इस निर्णय की घोषणा बुधवार को पटना स्थित नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर हुई समन्वय समिति की बैठक के बाद की गई। तीन घंटे तक चली इस बैठक में महागठबंधन के प्रमुख दलों और नेताओं ने भाग लिया। तेजस्वी यादव ने मीडिया को बताया कि यात्रा रक्षाबंधन के बाद अगस्त 2025 से शुरू की जाएगी।
हर प्रमंडल और बूथ स्तर पर पहुंचेगा महागठबंधन
तेजस्वी यादव ने बताया कि यह यात्रा हर प्रमंडल में निकाली जाएगी, और इसके ज़रिए महागठबंधन बूथ स्तर तक आम जनता से सीधा संवाद करेगा। यात्रा के दौरान बिहार में कथित 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले, कानून-व्यवस्था की स्थिति, और वोटर लिस्ट से नाम हटाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
राहुल गांधी भी होंगे शामिल
बैठक में मौजूद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बताया कि इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी हिस्सा लेंगे। इस बात की पुष्टि तेजस्वी यादव ने भी की और बताया कि राहुल गांधी से बातचीत हो चुकी है और उन्होंने यात्रा में शामिल होने पर सहमति दे दी है।
जल्द होगा रूट और तारीखों का ऐलान
महागठबंधन ने बताया कि यात्रा की तारीखें और रूट जल्द घोषित किए जाएंगे। हर प्रमंडल स्तर पर जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महागठबंधन की यह रणनीति 2025 के चुनावों के लिए जनता के बीच सीधा जुड़ाव और जनमत तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।