नई दिल्ली- नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा के करनाल जिले में स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर अब टोल टैक्स के लिए वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा। यहां मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिसके तहत चलते वाहन से ही ऑटोमैटिक टोल कट जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक बसताड़ा टोल प्लाजा पर MLFF सिस्टम लगभग तैयार हो चुका है। इसके शुरू होते ही यह भारत का दूसरा पूरी तरह बाधा-मुक्त टोल प्लाजा बन जाएगा, जहां बिना बैरियर के टोल वसूली की जाएगी।
RFID और ANPR तकनीक से होगी टोल कटौती
नई व्यवस्था में हाई-परफॉर्मेंस RFID रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों का उपयोग किया जाएगा। FASTag और वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) के जरिए बिना किसी रुकावट के इलेक्ट्रॉनिक टोल कटेगा। टोल प्लाजा प्रबंधक मुकेश शर्मा ने बताया कि उपकरणों की स्थापना अंतिम चरण में है। सिस्टम के पूरी तरह चालू होते ही मौजूदा टोल बूथ और बैरियर हटा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था 26 जनवरी तक शुरू होने की संभावना है।
एनएच-44 पर देश का दूसरा MLFF टोल प्लाजा
एनएच-44 (पानीपत–जालंधर) पर करीब 500 मीटर क्षेत्र में फैला यह टोल प्लाजा घरौंडा उपमंडल में स्थित है। यहां MLFF सिस्टम लागू होने के बाद यह देश का दूसरा ऐसा टोल प्लाजा होगा।
इससे पहले एनएच-48 पर गुजरात के चोर्यासी टोल प्लाजा को देश का पहला बाधा-मुक्त टोल प्लाजा बनाया गया था। यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की प्रवर्तक कंपनी इंडियन हाइवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) और आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से लागू की गई थी।
देशभर में लागू होगी स्मार्ट टोलिंग
30 अगस्त को नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय में इस संबंध में समझौता किया गया था। NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा था कि यह अत्याधुनिक टोल प्रणाली अधिक कुशल, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल होगी। रिपोर्ट के अनुसार, NHAI आने वाले समय में देशभर के लगभग 25 राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाजाओं पर MLFF सिस्टम लागू करने की योजना पर काम कर रहा है।