बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राजधानी पटना से राज्यव्यापी पिंक बस सेवा की शुरुआत की। यह बस सेवा विशेष रूप से महिलाओं के लिए आरक्षित होगी, जिसका उद्देश्य उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
पिंक बसों में केवल महिलाएं सफर कर सकेंगी, और इनमें उनकी सुरक्षा के लिए GPS ट्रैकिंग, CCTV कैमरे और पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। जल्द ही इन बसों में महिला ड्राइवर और महिला कंडक्टर की भी नियुक्ति की जाएगी, जिससे महिलाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
इस मौके पर परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आधी आबादी के लिए किसी देवता से कम नहीं हैं। यह पहल न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भी बनाएगी।”
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्यभर में ब्लू बस सेवा की भी शुरुआत की, जो आम जनता के लिए बेहतर और किफायती परिवहन का माध्यम बनेगी।
इस नई व्यवस्था को राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है, जो आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणा बन सकती है।