कोथवां गांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: आरजेडी विधायक के प्रभाव वाले इलाके में 17 अवैध दुकानें ध्वस्त

Big action by the administration in Kothwan village: 17 illegal shops demolished in the area under the influence of RJD MLA

दानापुर: बिहार के दानापुर में आरजेडी विधायक रीतलाल यादव के गांव कोथवां में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 अवैध दुकानों को जमींदोज कर दिया। यह कार्रवाई पटना जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर की गई। बताया गया कि 77 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध कब्जे में विधायक रीतलाल यादव और उनके परिजनों की संलिप्तता हो सकती है। दानापुर-खगौल रोड के रिहायशी इलाके में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों के बाद दानापुर अंचल कार्यालय में सीओ स्तर पर मामला दर्ज किया गया था। अतिक्रमणकर्ताओं को पहले नोटिस भी जारी किया गया था।

जिलाधिकारी के निर्देश पर दानापुर एसडीएम दिव्य शक्ति, खगौल थाना प्रभारी और नगर परिषद के सिटी मैनेजर की टीम ने मौके पर पहुंचकर 17 दुकानों को गिरा दिया और बाकी अतिक्रमित जमीन को भी खाली कराया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि दानापुर के अन्य हिस्सों में भी विधायक की शह पर कई अवैध निर्माण किए गए हैं। प्रशासन ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है। अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने पूरी कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। दानापुर में इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्त नीति का संकेत माना जा रहा है और दिनभर यही चर्चा का विषय बना रहा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment