बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी से राज्यव्यापी समृद्धि यात्रा पर निकलने जा रहे हैं। इस यात्रा के तहत मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे, जहां वे विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे और आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य न केवल चल रही योजनाओं की समीक्षा करना है, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं को भी नई गति देना है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस समृद्धि यात्रा का राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने स्वागत किया है। रोहतास जिले में उन्होंने कहा कि 16 जनवरी से शुरू होने वाली यह यात्रा बेहद जरूरी और सकारात्मक कदम है। उपेंद्र कुशवाहा के मुताबिक, जनता ने नीतीश कुमार को भारी बहुमत देकर अपना समर्थन दिया है और अब मुख्यमंत्री इस यात्रा के माध्यम से जनता के प्रति आभार व्यक्त करने जा रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जनता के बीच रहना और उनकी समस्याओं को सुनना मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूर्व में भी कई यात्राएं कर चुके हैं, जिनका लाभ पूरे राज्य को मिला है।
बताया गया कि उपेंद्र कुशवाहा रोहतास जिले के पटनमां में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर खुशी जताई और इसे बिहार के विकास के लिए अहम बताया।