बांका पुलिस लाइन में फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक जवान बीमार, फ्राई राइस और चना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

Over 100 Personnel Fall Ill Due to Food Poisoning at Banka Police Lines; Health Deteriorates After Consuming Fried Rice and Chickpeas

बांका: बिहार के बांका जिले में पुलिस लाइन के भीतर फूड प्वाइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। दोपहर का भोजन करने के बाद करीब 100 से अधिक पुलिस जवान अचानक बीमार पड़ गए। सभी प्रभावित जवानों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, भोजन के कुछ समय बाद जवानों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार जवानों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। स्थिति को गंभीर देखते हुए सभी प्रभावित जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा सदर अस्पताल पहुंचे और बीमार जवानों से मुलाकात कर डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन के जवानों ने दोपहर के भोजन में फ्राई राइस और चना का छोला खाया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद कई जवानों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मेडिकल टीम को बुलाकर सभी का इलाज शुरू किया गया।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चना में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट हो सकती है। कुछ लोगों का कहना है कि चना में सल्फास की टिकिया मिलने के कारण फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई होगी। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और भोजन के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन में गड़बड़ी कैसे हुई। अस्पताल में भर्ती सभी जवानों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment