पणजी : अरपोरा नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स कल दिल्ली लाए जाएंगे, गोवा पुलिस करेगी गिरफ्तारी

Panaji: The Luthra brothers, accused in the Arpora nightclub fire incident, will be brought to Delhi tomorrow, where they will be arrested by the Goa Police.

पणजी : गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स की फरारी का अंत अब तय माना जा रहा है। हादसे के तुरंत बाद देश छोड़कर थाईलैंड भागे दोनों भाइयों को कल सुबह दिल्ली एयरपोर्ट लाया जाएगा। गोवा पुलिस की विशेष टीम उन्हें एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लेने के लिए पूरी तरह तैयार है। पुलिस दोनों को कस्टडी में लेकर उसी दिन दिल्ली की अदालत में पेश करेगी और वहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए गोवा ले जाएगी।

जांच में लूथरा भाइयों की लापरवाही और सुनियोजित फरारी की परतें खुलकर सामने आई हैं। 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:45 बजे जब नाइट क्लब में भीषण आग लगी और फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने तथा लोगों की जान बचाने में जुटी थीं, उसी दौरान दोनों भाई देश से भागने की योजना बना रहे थे। जांच में पता चला है कि 7 दिसंबर की तड़के 1:17 बजे उन्होंने ‘मेक माई ट्रिप’ ऐप के जरिए थाईलैंड के फुकेत के लिए टिकट बुक किए। इसके बाद सुबह करीब 3 बजे वे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे और सुबह 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1073 से थाईलैंड के लिए रवाना हो गए। यानी आग लगने के महज 6 से 8 घंटे के भीतर ही वे देश छोड़ चुके थे।

सूत्रों के अनुसार, अग्निकांड से सिर्फ चार दिन पहले ही दोनों भाई अपने परिवार के साथ दुबई से लौटे थे। इनमें से एक भाई के पास ब्रिटेन का दीर्घकालिक वीजा भी था, इसके बावजूद दोनों ने थाईलैंड भागने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि 6 दिसंबर की रात उत्तर गोवा के अरपोरा गांव स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ (Birch by Romeo Lane) नाइट क्लब में बॉलीवुड थीम पार्टी के दौरान अचानक भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी, जबकि करीब 50 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के वक्त क्लब में सैकड़ों लोग मौजूद थे, जिनकी जान जोखिम में पड़ गई थी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment