नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल कसोल में पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पंजाब से आए एक पर्यटक ने स्थानीय युवक पर गोली चला दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने चार पर्यटकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कुल्लू जिले के कसोल स्थित ग्रीन वैली होटल में शनिवार शाम करीब 6 बजे दो समूहों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और इसी दौरान कथित तौर पर गोलीबारी हुई।
गोली लगने से एक स्थानीय युवक के पैर में गंभीर चोट आई। वायरल वीडियो में घायल युवक होटल की पार्किंग से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि बाद में एक अन्य स्थानीय व्यक्ति उसे पीठ पर उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाता नजर आता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पर्यटक घायल युवक के पीछे-पीछे गया और दोबारा गोली चलाने के लिए हथियार लोड करने की कोशिश भी की, लेकिन उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंजाब के चार पर्यटकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के मनप्रीत सिंह, अमृतसर के अमन रंधावा, फिरोजपुर के सुखमनदीप सिंह और गुरदासपुर के करनदीप सिंह के रूप में हुई है। वहीं, गुरदासपुर निवासी एक अन्य आरोपी तमन फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी घटना में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रहे हैं और विवाद की असली वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं।
इस गोलीकांड के बाद कसोल जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यह इलाका पहले भी पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच तनाव तथा नशे से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रहा है।