पटना: परसा बाजार में चोरी के शातिर गिरोह का पर्दाफाश, पांच महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार

Patna: A vicious gang of thieves busted in Parsa Bazar, five women and two men arrested

पटना: परसा बाजार इलाके में पटना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह में पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जो घरेलू सामान और मधु बेचने की आड़ में घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

41 चोरी के मोबाइल बरामद, बोरों और बिस्तरों में छिपाए गए थे
पुलिस को शिव नगर बांध क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद थानाध्यक्ष मेनका रानी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बोरों और बिस्तरों में छिपाए गए 41 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

घर-घर जाकर सजावटी सामान बेचने का नाटक
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह की महिलाएं दिन में सजावटी सामान और मधु बेचने के बहाने घर-घर जाती थीं। मौका मिलते ही वे मोबाइल और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर देती थीं। गिरोह ने हाल ही में जक्कनपुर इलाके में भी दो मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार महिलाओं में खुशु देवी, रूपा देवी, खन्नू देवी, बिजली देवी और ननदी देवी शामिल हैं, जबकि पुरुष सदस्यों में विश्वकर्मा चौधरी और काशी चौधरी के नाम सामने आए हैं।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में करते थे झपटमारी
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के पुरुष सदस्य बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और ऑटो स्टॉप जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर झपटमारी और लूटपाट करते थे। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस की मुस्तैदी से चोरों का गिरोह बेनकाब
पिछले कुछ महीनों से परसा बाजार और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में इजाफा देखा जा रहा था, जिसे लेकर स्थानीय लोग बेहद परेशान थे। इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

नागरिकों से पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अजनबियों को घर में घुसने से पहले सतर्क रहें, और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस को उम्मीद है कि जन सहयोग से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment