पटना: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए लालू यादव, तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर जमीन घोटाले में फंसे होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोई दिल्ली में प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहा है तो कोई बिहार में मुख्यमंत्री बनने की तैयारी में है, लेकिन मोदी जी के राज में कानून का राज है – जो गड़बड़ करेगा, वह जेल जाएगा।
“लालू जी का राज मतलब गड्ढे, लालटेन और अपहरण”
ललन सिंह ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा,
“लालू जी ने बिहार का ऐसा विकास किया था कि सड़कों के नाम की जगह गड्ढे थे, बिजली नहीं थी, लोग लालटेन से काम चलाते थे। कानून-व्यवस्था बदहाल थी, शाम 6 बजे के बाद कोई घर से बाहर नहीं निकलता था।”
उन्होंने कहा कि लालू राज में अपहरण एक उद्योग बन चुका था। साथ ही आरोप लगाया कि लालू परिवार के सभी सदस्य जमीन घोटाले में लिप्त हैं।
“मोदी जी के राज में कोई नहीं बचेगा”
ललन सिंह ने दोहराया कि,
“अब चिंता की जरूरत नहीं है। मोदी जी के राज में कानून सबसे ऊपर है। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। जो गड़बड़ करेगा, वह अंदर जाएगा – चाहे वह कोई भी हो।”
ममता बनर्जी पर भी साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी ललन सिंह ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा,
“प्रधानमंत्री जी मां दुर्गा का नाम लें या जय श्रीराम कहें, क्या ममता बनर्जी से पूछ कर बोलेंगे? मोदी जी सात्विक आदमी हैं, सभी देवी-देवताओं को समान मानते हैं और पूरी श्रद्धा से देश की सेवा कर रहे हैं।”
उन्होंने बंगाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा,
“बंगाल में सरकार ममता दीदी की है या तृणमूल कार्यकर्ताओं की – यह समझना मुश्किल है। वहां हर दिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं।”
“बंगाल में जंगल राज जैसा माहौल”
पत्रकारों से बातचीत में ललन सिंह ने कहा,
“आप लोग एक दिन बंगाल घूम आइए। 100 लोगों से पूछिएगा, 90 लोग यही कहेंगे कि बंगाल में आतंक की सरकार है, जंगल राज है।”
उन्होंने मजाक में कहा कि यदि टिकट बुक करने में दिक्कत हो, तो वह खुद मदद करेंगे।
ललन सिंह के तीखे बयानों ने विपक्षी नेताओं पर दबाव तो बढ़ाया ही है, साथ ही बिहार और बंगाल की राजनीति में एक बार फिर गर्मी ला दी है।