पटना: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार में लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी निभाने की सख्त जरूरत बताई।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में चिराग ने कहा,
“अपराध पर लगाम तभी लगेगी जब सरकार और पुलिस दोनों अपनी जिम्मेदारी समझें। सिर्फ थाना स्तर के अफसरों को हटाकर काम नहीं चलेगा, बड़े अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
वैशाली की घटना का दिया हवाला
चिराग ने वैशाली में एक बच्ची गायिका की हत्या का ज़िक्र करते हुए कहा कि इस हृदयविदारक घटना ने बिहार में कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक पुलिस अधिकारी ने किसानों को ही अपराध के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया, जो कि अन्नदाता का खुला अपमान है।
“सिर्फ बैठकें करने से नहीं चलेगा काम”
चिराग ने विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा,
“सिर्फ बैठकें करने से कुछ नहीं होगा, जब तक उसका कोई ठोस नतीजा सामने न आए।”
उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी कटाक्ष किया और कहा,
“रोजगार देना अच्छी बात है, लेकिन डर इस बात का है कि कहीं बदले में युवाओं से जमीन लिखवाने की शर्त न रख दी जाए।”
जिम्मेदारी तय करने की मांग
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब वक्त आ गया है जब सरकार को सिर्फ बयानबाज़ी नहीं, ठोस कार्रवाई करके समाज को सख्त संदेश देना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन यूं ही आंखें मूंदे रहा तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे और जनता का विश्वास पूरी तरह डगमगा जाएगा।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में अपराध की कई घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, और राज्य सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।