पटना: राजधानी पटना के सिटी इलाके में सोमवार को आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित न्यू आरफाबाद कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने एक घर में घुसकर पति, पत्नी और उनकी बेटी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस हमले में पत्नी और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पत्नी और बेटी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सेवानिवृत्त नर्स महालक्ष्मी और उनकी 19 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। वहीं, पति धनंजय मेहता का इलाज अस्पताल में जारी है। उन्हें पैर में गोली लगी है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला मोहल्ले में आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। हालांकि, पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO) अतुलेश झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलु की बारीकी से जांच कर रही है।
घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं, और एफएसएल टीम तथा डॉग स्क्वाड की मदद से अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे कोई सुराग मिल सके।
इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।