पटना– भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह को अज्ञात नंबर से कॉल और मैसेज के ज़रिए जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और चेतावनी दी कि अगर पवन सिंह ने ‘बिग बॉस 19’ में सुपरस्टार सलमान खान के साथ स्टेज शेयर किया, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
धमकी मिलने के बावजूद पवन सिंह रविवार रात ‘बिग बॉस 19’ के ग्रैंड फिनाले में पहुंचे और सलमान खान के साथ स्टेज परफॉर्मेंस दी। उन्होंने शो की एक्स कंटेस्टेंट नीलम गिरी के साथ डांस भी किया।
पवन सिंह के मैनेजर के अनुसार, धमकी भरा पहला कॉल 6 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे आया। कॉलर ने पवन सिंह की टीम के सदस्य प्रियांशु को फोन कर लगातार धमकियां देना शुरू कर दिया। कॉलर ने मैनेजर और टीम के अन्य लोगों को भी लगातार मैसेज भेजे। शुरुआत में टीम ने इसे गलतफहमी समझकर समझाने की कोशिश की, लेकिन धमकियां जारी रहीं।
कॉलर ने न सिर्फ धमकी दी बल्कि मोटी रकम की मांग भी की। मैनेजर के मुताबिक, कॉलर ने 15 से 20 लाख रुपये की डिमांड की और तुरंत पैसे जमा करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर पवन सिंह ने सलमान खान के साथ मंच साझा किया, तो उनके साथ वही होगा जो सिद्धू मूसेवाला के साथ हुआ था।
मामला सामने आते ही पवन सिंह की टीम ने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को पूरी जानकारी दी। मुंबई के एक पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉलर कौन था, कहां से कॉल कर रहा था और किस गिरोह से उसका संबंध है।