पटना: बिहार चुनाव में करारी हार के बाद भड़के राजद कार्यकर्ता, राबड़ी आवास पर संजय यादव के खिलाफ जमकर हंगामा

Patna: RJD workers, enraged after the crushing defeat in the Bihar elections, created a ruckus against Sanjay Yadav at Rabri's residence.

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को मिली करारी हार के बाद पार्टी के अंदर घमासान शुरू हो गया है। सोमवार देर शाम सैकड़ों नाराज राजद कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास (10 सर्कुलर रोड) पर पहुंच गए और राज्यसभा सांसद एवं तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव के खिलाफ ज़ोरदार नारेबाजी करने लगे।

कार्यकर्ताओं ने “संजय यादव मुर्दाबाद”, “संजय यादव हाय-हाय” और “संजय यादव को हरियाणा भेजो” जैसे नारे लगाए। उनका आरोप है कि चुनाव प्रबंधन में भारी चूक और लालू परिवार में चल रहे अंतर्कलह के लिए संजय यादव ही जिम्मेदार हैं, जिसकी वजह से पार्टी को इतनी कम सीटें मिलीं।

हंगामा इतना बढ़ गया कि राबड़ी आवास के बाहर पुलिस बल तैनात करना पड़ा। इसी बीच खबर आई कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने विशेष रूप से बने रथ (व्हीलचेयर युक्त वैन) में सवार होकर पटना के मरीन ड्राइव का चक्कर लगाने निकल गए। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट माने जाने वाले मरीन ड्राइव पर लालू यादव शाम को अक्सर घूमने जाते हैं। कार्यकर्ताओं के हंगामे के बावजूद लालू यादव बिना रुके मरीन ड्राइव के लिए रवाना हो गए।

राजद के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि संजय यादव को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी समय से नाराजगी चल रही थी और इस हार ने उसे बाहर ला दिया। अब देखना यह है कि पार्टी आलाकमान इस बवाल पर क्या रुख अपनाता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment