पटना: 12 साल पुराने रिश्ते को सार्वजनिक करने और परिवार की छवि धूमिल करने के आरोप में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही उन्हें परिवार से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
इसी बीच, तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय ने मीडिया के सामने आकर तेज प्रताप और लालू परिवार पर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा,
“जब इन्हें सब कुछ पता था, तब मेरी शादी क्यों कराई गई? मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की गई? मुझ पर आरोप लगाना आसान है, लेकिन मेरी तकलीफों को कोई नहीं समझता।”
ऐश्वर्या ने इसे पूरा प्रकरण एक ‘राजनीतिक ड्रामा’ करार देते हुए कहा कि तेज प्रताप को निष्कासित करना सिर्फ दिखावा है, असल में सभी लोग एकजुट हैं। उन्होंने राबड़ी देवी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा,
“राबड़ी देवी ने तेज प्रताप को चुप कराने के लिए कहा होगा कि शांत रहो, सब ठीक कर दूंगी।”
सोशल मीडिया पर भी तेज प्रताप को लेकर नाराजगी
शनिवार को तेज प्रताप ने अपने फेसबुक पोस्ट में अनुष्का यादव नाम की महिला के साथ 12 वर्षों के रिश्ते का खुलासा किया था। उन्होंने लिखा,
“मैं तेज प्रताप यादव, और तस्वीर में दिख रही अनुष्का यादव से पिछले 12 सालों से प्यार करता हूं।”
इस पोस्ट के बाद लालू प्रसाद यादव ने X (पूर्व में ट्विटर) पर एक सख्त बयान जारी करते हुए तेज प्रताप को पार्टी और परिवार दोनों से निष्कासित करने का ऐलान किया।
“निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अनदेखी हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमजोर करती है।”
राजनीतिक और पारिवारिक असर
तेज प्रताप के इस कदम से लालू परिवार और RJD की साख पर बड़ा असर पड़ा है। ऐश्वर्या राय के आरोपों ने इस पूरे मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है, जिससे लालू परिवार की आंतरिक कलह एक बार फिर सार्वजनिक हो गई है।
अब देखना होगा कि पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव का अगला कदम क्या होगा, और क्या ऐश्वर्या राय अपने लगाए आरोपों को लेकर कोई कानूनी कार्रवाई करेंगी।