नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक सीआरपीएफ जवान को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जवान पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को देश से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां भेजी थीं।
सूत्रों के मुताबिक, जवान सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स के संपर्क में आया था और पैसे के बदले उसने सुरक्षा से जुड़ी कई जानकारियां साझा कीं। एनआईए ने जवान से पूछताछ शुरू कर दी है और उसे सीआरपीएफ की सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
यह गिरफ्तारी हाल ही में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ी गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के मामले के बाद सामने आई है। ज्योति पर भी पाकिस्तान हाई कमीशन के माध्यम से वहां की खुफिया एजेंसियों से संपर्क रखने और गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में जासूसी नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक कई संदिग्धों को पकड़ा गया है, जो सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पाकिस्तान को भारत की खुफिया जानकारी लीक कर रहे थे। एनआईए मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।