पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। वोटिंग के दौरान पटना कॉलेज में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पीयू सेंट्रल पैनल के अध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल यादव ने मतपत्र में नाम गलत छपे होने का आरोप लगाया।
रिंकल यादव का कहना है कि उन्होंने पूरे चुनाव प्रचार में अपना नाम ‘रिंकल यादव’ इस्तेमाल किया, लेकिन बैलेट पेपर में उनका नाम ‘रिंकल कुमार’ छापा गया है। विरोध स्वरूप उन्होंने पटना कॉलेज के कमरा नंबर 5 में बैलेट पेपर फाड़ दिए। हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, हालांकि कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस विवाद के चलते करीब 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी बैलेट पेपर पर पेन से नाम में आवश्यक सुधार किया जाए। पटना कॉलेज से निकलने के बाद उम्मीदवार अन्य बूथों पर भी विरोध जताने पहुंचे। विश्वविद्यालय परिसर में उन्होंने नाम की गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वे बीएन कॉलेज पहुंचे, जहां भी बैलेट पेपर फाड़ने की घटना सामने आई।
मतदान की रफ्तार सुबह के समय अपेक्षाकृत धीमी रही। सुबह 11 बजे तक पटना वीमेंस कॉलेज में सर्वाधिक 32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पटना लॉ कॉलेज में 27 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं, आर्ट्स कॉलेज में 18 प्रतिशत, कॉमर्स कॉलेज में 13 प्रतिशत, पटना कॉलेज में 16 प्रतिशत और पटना साइंस कॉलेज में 16 प्रतिशत मतदान हुआ।
गौरतलब है कि पटना विश्वविद्यालय में मतदान सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा। शाम 5 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी और देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।