पटना: उपेंद्र कुशवाहा का तेजस्वी यादव पर हमला, कहा— पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन हैं नेता प्रतिपक्ष

Patna: Upendra Kushwaha attacks Tejashwi Yadav, says - Leader of Opposition is a part-time politician

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने पटना में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तेजस्वी यादव को “पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन” बताते हुए कहा कि उनका जनता के काम से कभी कोई सरोकार नहीं रहा है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव सिर्फ चुनाव के समय राजनीतिक लाभ के लिए बिहार में सक्रिय नजर आते हैं, जबकि चुनाव समाप्त होते ही वे बिहार से गायब हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि इससे पहले भी तेजस्वी यादव कई बार लंबे समय तक बिहार से नदारद रह चुके हैं।

कुशवाहा ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तेजस्वी यादव बिहार छोड़कर विदेश चले गए हैं। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव को न पहले बिहार की चिंता थी और न ही अब है, और बिहार की जनता उनके इस रवैये को भली-भांति समझ चुकी है।

महागठबंधन को लेकर टिप्पणी करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि गठबंधन में जो नेता संयोगवश जीतकर आए हैं, वे अब जनता के दबाव में हैं और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि जब भी बिहार की जनता को तेजस्वी यादव की जरूरत पड़ती है, वे गायब रहते हैं।

उपेंद्र कुशवाहा ने यह भी दावा किया कि तेजस्वी यादव का आगे कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है, यह बात उनके विधायकों को भी समझ में आ चुकी है। इसी कारण महागठबंधन के कई नेता अब एनडीए में शामिल होने की सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई आश्चर्य नहीं होगा कि खरमास के बाद महागठबंधन के कई नेता एनडीए का दामन थाम लें।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment