मोतिहारी: जेसीबी चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

Motihari: Organized gang stealing JCB busted, three arrested, mastermind absconding

मोतिहारी में एक ओर जहां प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चला रहा है, वहीं दूसरी ओर चोरों की नजर अब खुद बुलडोजर यानी जेसीबी मशीनों पर टिक गई है। जिले में जेसीबी चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी क्रम में मोतिहारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किराये के मकान में रहकर जेसीबी चोरी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

बंजरिया थाना पुलिस ने जेसीबी चोरी करने वाले एक गिरोह को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की गई मशीनों के कागजात और इंजन नंबर में हेरफेर कर उन्हें उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बेचने का काम करता था। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार और दिनेश राय शामिल हैं, जो मोतिहारी में किराये के मकान में रहकर जेसीबी मशीनों को निशाना बनाते थे।

मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि यह गिरोह पहले जेसीबी और ट्रैक्टर की रेकी करता था और फिर मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद मशीनों के इंजन नंबर और दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर उन्हें दूसरे राज्यों में खपाया जाता था।

पुलिस ने चोरी की गई एक जेसीबी मशीन भी बरामद की है। हालांकि, गिरोह का मास्टरमाइंड अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर लिया जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment