पटना : PMCH में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद डॉक्टरों ने सुरक्षा को लेकर विरोध जताते हुए OPD सेवाएं बंद कर दीं, जिससे इलाज कराने आए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में फिलहाल केवल इमरजेंसी सेवा चालू है।
मृतक सुल्तानगंज के महेंद्रू इलाके के रहने वाले थे। उनके बेटे अमन सिंह के मुताबिक, उनके पिता को ब्रेन हेमरेज होने के बाद तीन दिन पहले PMCH में भर्ती कराया गया था। बुधवार को ईसीजी जांच के दौरान स्थिति बिगड़ने पर अमन की बहन ने डॉक्टर से सवाल किया, जिस पर कथित रूप से डॉक्टर नाराज हो गए और बहस शुरू हो गई।
अमन का आरोप है कि डॉक्टर ने उन्हें “बेवकूफ” कहा, धक्का दिया और उनका iPhone भी छीन लिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। अमन के अनुसार, इस दौरान उनकी जेब में रखा एक लाख रुपये भी कहीं गिरकर खो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। अमन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थानेदार सज्जाद ग़द्दी ने बताया कि घटना PMCH की इमरजेंसी में हुई और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।