पटना: बिहार एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पटना के मोस्टवांटेड अपराधी दुर्गेश मिश्रा उर्फ गोलू पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। उसे पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के लोहानीपुर इलाके में एक किराए के मकान से दबोचा गया। दुर्गेश मिश्रा बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम का निवासी है और 2014 से फरार चल रहा था। पिछले 12 वर्षों से वह लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।
किराए के मकान में बदले हुलिए में रह रहा था अपराधी
दुर्गेश मिश्रा कई वर्षों से लोहानीपुर में किराये के मकान में रह रहा था। पहचान छिपाने के लिए उसने अपनी दाढ़ी-मूंछ कटवा ली थी, सिर पर टोपी पहनता था और बहुत कम घर से बाहर निकलता था ताकि किसी को उस पर शक न हो। इलाके के लोग भी उससे पूरी तरह अनजान थे।
गुप्त सूचना ने खोला राज
30 नवंबर को बिहार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि दुर्गेश मिश्रा इसी इलाके में छिपा हुआ है और अपना हुलिया बदलकर रह रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी की और बिना देरी उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या, अपहरण, लूट सहित कई मामलों में वांछित
दुर्गेश मिश्रा के खिलाफ हत्या, अपहरण, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं। बेऊर क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से दूर था।
एसटीएफ ने उसे पकड़कर बड़ी राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।