नई दिल्ली: भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार और गायक पवन सिंह की राज्यसभा में संभावित एंट्री को लेकर बिहार की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले उनके नाम को लेकर कयासों का दौर जारी है। इसी बीच गुरुवार को उन्होंने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से अहम मुलाकात की, जिससे अटकलों को और बल मिला है।
“पार्टी का सिपाही हूं” — पवन सिंह
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पवन सिंह ने कहा, “मैंने सिर्फ भइया से आशीर्वाद लिया है। शिष्टाचार मुलाकात थी, बहुत अच्छा लगा।”
राज्यसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “पार्टी का सिपाही हूं, जो मालिक चाहेंगे वही होगा।”
बिहार की पांच सीटों पर चुनाव
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव होने हैं। लंबे समय से चर्चा है कि बीजेपी पवन सिंह को उम्मीदवार बना सकती है।
गौरतलब है कि पवन सिंह ने 2024 में काराकाट से लोकसभा चुनाव निर्दलीय लड़ा था। इससे पहले उन्होंने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से बीजेपी का टिकट स्वीकार नहीं किया था। हालांकि काराकाट चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वे तीसरे स्थान पर रहे और उपेंद्र कुशवाहा को कड़ी टक्कर दी थी।
पार्टी नेतृत्व से बढ़ी नजदीकियां
पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह और उपेंद्र कुशवाहा के बीच दूरियां कम होती दिखीं। बिहार बीजेपी के प्रभारी विनोद तावड़े ने भी संकेत दिया था कि पवन सिंह पार्टी के साथ ही रहेंगे।
विधानसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह ने अमित शाह और तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी और पार्टी के समर्थन में सक्रिय प्रचार किया था।
अब नितिन नबीन से मुलाकात के बाद उनकी राज्यसभा में एंट्री की संभावनाएं और प्रबल मानी जा रही हैं। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व पर निर्भर करेगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।