नई दिल्ली: पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा पर लगातार हमलों की कोशिश की जा रही है, लेकिन भारतीय सेना भी इसका करारा जवाब दे रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारियों का सिलसिला भी जारी है। हाल ही में एक पोस्ट में दावा किया गया कि जम्मू एयरफोर्स बेस पर विस्फोट हुआ है, लेकिन यह दावा पूरी तरह झूठा निकला।
पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावे की सच्चाई उजागर करते हुए बताया कि जिस तस्वीर को जम्मू एयरफोर्स बेस का बताया जा रहा है, वह असल में अगस्त 2021 में अफगानिस्तान के काबुल एयरपोर्ट पर हुए विस्फोट की है।
पीआईबी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया, “भारत में जम्मू एयरफोर्स बेस पर कई विस्फोटों के झूठे दावों के साथ एक पुरानी तस्वीर फैलाई जा रही है। यह तस्वीर अगस्त 2021 के काबुल एयरपोर्ट ब्लास्ट की है।” साथ ही उस समय की खबर का लिंक भी साझा किया गया।
पीआईबी ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “गलत सूचना के झांसे में न आएं। किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई की पुष्टि जरूर करें।”
इसके अलावा पीआईबी ने यह भी बताया कि पाकिस्तान की ओर से गुजरात के हजीरा पोर्ट पर हमले की जो खबर फैलाई जा रही थी, वह भी झूठी है। वायरल हो रहा वीडियो असल में 7 जुलाई 2021 को हुए एक तेल टैंकर विस्फोट का है।
इसी तरह एक और वीडियो को लेकर दावा किया गया था कि यह जालंधर पर ड्रोन स्ट्राइक का है, लेकिन पीआईबी ने स्पष्ट किया कि यह वीडियो फॉर्म फायर (प्रशिक्षण अभ्यास) का है।
निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक तस्वीरों से सतर्क रहें। बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को साझा न करें।