श्रीनगर: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। भारत ने जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर स्थित सलाल डैम के कई गेट खोल दिए हैं, जिससे नदी में फिर से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है। इससे पहले बगलिहार डैम के गेट भी खोले जा चुके हैं। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें डैम से निकलते पानी की रफ्तार साफ नजर आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को जाने वाले पानी को रोकने का फैसला किया था। पहले सिंधु और चिनाब पर बने डैमों के गेट बंद किए गए थे। लेकिन जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बारिश के कारण डैमों में जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया, जिसके चलते प्रबंधन को गेट खोलने पर मजबूर होना पड़ा।
रामबन जिले में स्थित बगलिहार हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के दो गेट और रियासी जिले में स्थित सलाल डैम के तीन गेट शुक्रवार को खोले गए। इसके बाद चिनाब नदी में सूखे जैसी स्थिति खत्म हो गई और जल प्रवाह फिर से सामान्य हो गया।
गौरतलब है कि भारत ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए इसके उल्लंघन के संकेत दिए थे। यह संधि 1960 में विश्व बैंक की मध्यस्थता से भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के बीच हुई थी। यह अब तक भारत-पाक संबंधों में सहयोग का प्रतीक मानी जाती रही है।
अब नजरें इस पर टिकी हैं कि भारत के इस रणनीतिक कदम के जवाब में पाकिस्तान क्या प्रतिक्रिया देता है, खासकर तब जब दोनों देशों के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हैं।