पटना: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राज्य में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे लोगों को अधिक सुलभ और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि परिवहन विभाग लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जनसुनवाई कार्यक्रम के जरिए विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाते हैं।
इस कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार भी मौजूद रहे। इसके अलावा विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी और लोकप्रकाश सिंह ने भी भाग लिया।
वहीं, मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि पश्चिम एशिया में बने हालात की वजह से कच्चे तेल के आयात पर असर पड़ रहा है। इससे वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम संकट गहराने की आशंका है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।