मॉरीशस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मॉरीशस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति धरम गोखूल और उनकी पत्नी को कई खास उपहार दिए। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति गोखूल को कांसे और पीतल के बर्तन में महाकुंभ का पवित्र गंगा जल भेंट किया। वहीं, उन्होंने राष्ट्रपति की पत्नी को बनारसी साड़ी का उपहार दिया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने बिहार का मशहूर सुपरफूड मखाना भी उपहार में दिया। इन उपहारों की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
फर्स्ट लेडी को दी गई शानदार बनारसी साड़ी
पीएम मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति की पत्नी को जो बनारसी साड़ी भेंट की, वह भारत की सांस्कृतिक विरासत और विलासिता का प्रतीक है। यह साड़ी रॉयल ब्लू रंग में थी, जिसमें चांदी की जरी के काम और शानदार पल्लू की सजावट थी, जो इसे शादियों और भव्य आयोजनों के लिए आदर्श बनाती है। साड़ी के साथ एक खूबसूरत जड़ाऊ बॉक्स भी था, जिसे गुजरात से लाया गया था। यह बॉक्स कीमती साड़ियों, गहनों या यादगार वस्तुओं को रखने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
प्रधानमंत्री ने एक पौधा भी लगाया
प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के सर शिवसागर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत एक पौधा भी लगाया। इस अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “प्रकृति, मातृत्व और स्थिरता को श्रद्धांजलि, ‘एक पेड़ मां के नाम’ में भाग लेने के लिए मेरे मित्र, प्रधानमंत्री डॉ. नवीन रामगुलाम के हृदय से किए गए कार्य से मैं अभिभूत हूं। उनका समर्थन हरित और बेहतर भविष्य के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
2 दिवसीय यात्रा पर मॉरीशस में हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा के तहत मंगलवार को मॉरीशस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सर शिवसागर रामगुलाम और सर अनिरुद्ध जगन्नाथ की समाधियों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम भी उपस्थित थे। इससे पहले, पीएम मोदी का पोर्ट लुईस में सर शिवसागर रामगुलाम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।