बिहार में पुलिस सेवाएँ हुईं और आसान, सिटिजन पोर्टल लॉन्च—अब FIR, शिकायत और मदद ऑनलाइन

Police services in Bihar have become easier with the launch of the Citizen Portal—now file FIRs, complaints, and seek help online.

बिहार: पुलिस सेवाओं को पारदर्शी, तेज़ और पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय, सरदार पटेल भवन में CCTNS के तहत नागरिक सेवा पोर्टल (Citizen Portal) का शुभारंभ किया। अब आम नागरिक घर बैठे ही FIR दर्ज कराने, शिकायत भेजने और पुलिस से मदद मांगने जैसी सुविधाओं का ऑनलाइन लाभ उठा सकेंगे।

नए पोर्टल के माध्यम से लोग सीधे पुलिस सेवाओं से जुड़ेंगे, जिससे प्रक्रियाएँ आसान और समयबद्ध होंगी।

शुभारंभ के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में गृह मंत्री ने पुलिस मुख्यालय व गृह विभाग से जुड़े कई प्रभागों—आर्थिक अपराध इकाई, साइबर अपराध प्रभाग, ईआरएसएस, अभियोजन निदेशालय, कारा एवं सुधार सेवा तथा प्रोबेशन सेवा—की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी ली।

अभियोजन निदेशालय के विशेष सचिव सह निदेशक सुधांशु कुमार चौबे ने विभागीय प्रगति पर प्रस्तुति दी, जबकि गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार ने कारा एवं सुधार सेवा तथा प्रोबेशन सेवा की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।

बैठक के दौरान गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से जनता को सीधे लाभ मिलेगा और अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग पारदर्शिता बढ़ाएँ, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें और राज्य की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत करें।

इस अवसर पर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देना और राज्य की सुरक्षा प्रणाली को सुदृढ़ बनाना रहा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment