भागलपुर: भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हुई कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार की हत्या के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है।
इस घटना पर पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राज्य में कानून का राज है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “जो अपराध करेगा, वह सजा पाएगा। गुंडागर्दी और अपराध का राज नहीं चलेगा।” साथ ही उन्होंने तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए राजद को गुंडों की पार्टी करार दिया।
वहीं, जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने भी घटना को दुखद बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और कोई भी आरोपी बच नहीं पाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून को हाथ में लेने वालों के लिए जेल तय है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मारे गए आरोपी रामधनी यादव की तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि उसके संबंध भाजपा नेताओं से थे। तस्वीरों में आरोपी को नितिन नवीन और चिराग पासवान के साथ दिखाया गया है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और “सुशासन” के दावे खोखले हैं।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने घटना का सीसीटीवी फुटेज भी साझा कर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग अपने विफल शासन को छिपाने के लिए दोहरे मापदंड अपना रहे हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में नकाबपोश अपराधियों ने घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया और मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।