ग्रेट निकोबार परियोजना पर राहुल गांधी का हमला, बोले— विकास नहीं, विनाश की तैयारी

Rahul Gandhi Attacks Great Nicobar Project: "Not Development, But Preparation for Destruction"

नई दिल्ली— लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को ग्रेट निकोबार द्वीप के अपने दौरे का वीडियो साझा करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने केंद्र की ‘ग्रेट निकोबार द्वीप विकास’ परियोजना पर सवाल उठाते हुए इसे विकास के नाम पर विनाश बताया।

वीडियो में राहुल गांधी द्वीप के घने जंगलों में घूमते नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ग्रेट निकोबार के जंगल उनकी जिंदगी के सबसे अनोखे जंगलों में से हैं, जहां ऐसे पेड़ हैं जो हमारी यादों से भी पुराने हैं और जिन्हें विकसित होने में कई पीढ़ियां लगी हैं। उन्होंने कहा कि यहां के आदिवासी समुदाय और स्थानीय लोग बेहद सरल और सुंदर हैं, लेकिन उनसे उनके अधिकार छीने जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार जिस कार्य को ‘प्रोजेक्ट’ बता रही है, वह दरअसल लाखों पेड़ों की कटाई की तैयारी है। उन्होंने कहा कि करीब 160 वर्ग किलोमीटर के वर्षावन को नष्ट होने के लिए छोड़ दिया गया है और वहां के समुदायों की अनदेखी करते हुए उनके घर छीन लिए जा रहे हैं। उन्होंने इसे विकास नहीं, बल्कि विकास की भाषा में छिपा हुआ विनाश करार दिया।

कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में इसे देश की प्राकृतिक और आदिवासी विरासत के खिलाफ गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि यह एक बड़ा घोटाला है और इसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी इस मुद्दे को समझें और इसके खिलाफ आवाज उठाएं।

अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी ने कैंपबेल बे स्थित श्री सिंह सभा गुरुद्वारे में भी मत्था टेका और अरदास की। इसके साथ ही उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment