पटना: पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी (PPU) में छात्रों के लिए रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद विश्वविद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र से चार वर्षीय अप्रेंटिसशिप समेकित डिग्री कार्यक्रम (AEDP) के तहत तीन नए जॉब ओरिएंटेड कोर्स शुरू किए जाएंगे।
इन नए पाठ्यक्रमों में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ इंटर्नशिप, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनकी नौकरी पाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
शुरू होने वाले नए कोर्सों में बीएससी डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स, बीकॉम बैंकिंग और रिटेल ऑपरेशन जैसे रोजगार आधारित कार्यक्रम शामिल हैं। ये सभी पाठ्यक्रम चार वर्षीय स्नातक डिग्री प्रोग्राम होंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन कोर्सों का संचालन चयनित संबद्ध कॉलेजों में किया जाएगा। इसके लिए कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस समेत अन्य कॉलेजों को चुना गया है।
इन कोर्सों की खास बात यह है कि छात्रों को डिग्री के साथ व्यावहारिक कार्य अनुभव भी मिलेगा, जिससे वे उद्योग जगत की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार कर सकेंगे।
दाखिले और अन्य जानकारी के लिए छात्र पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।