उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बड़ी खबर सामने आई है। यहां भारतीय वायुसेना (IAF) का एक माइक्रोलाइट विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन पर गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक बड़ा हादसा टल गया।
वायुसेना की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बुधवार को रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी के दौरान हुआ। उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी गड़बड़ी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सौभाग्य से विमान किसी घनी आबादी वाले क्षेत्र में नहीं गिरा, जिससे जमीन पर किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना की रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया। दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और स्थिति पर तेजी से काबू पा लिया गया।
फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। भारतीय वायुसेना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम की वजह से हुआ या किसी मानवीय चूक के कारण। वायुसेना के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि दोनों जांबाज पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।