मुंगेर एसबीआई के सहायक प्रबंधक नवल किशोर कुमार रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस जांच में जुटी

Nawal Kishore Kumar, an assistant manager at SBI in Munger, has mysteriously gone missing, and the police have launched an investigation.

मुंगेर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मुख्य शाखा में तैनात सहायक प्रबंधक नवल किशोर कुमार के रहस्यमय ढंग से लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। उनके अचानक गायब हो जाने से न केवल परिजन बल्कि बैंक प्रशासन भी सकते में है। मामला अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसबीआई मुंगेर मुख्य शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत नवल किशोर कुमार 20 जनवरी 2026 को शाम करीब 4 बजकर 25 मिनट पर लोन रिकवरी के कार्य से बैंक से निकले थे। वे अपनी सफेद रंग की बुलेट मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-31 एबी-7858) से रवाना हुए थे।

इसके बाद न तो वे अपने घर लौटे और न ही दोबारा बैंक पहुंचे। परिजनों और सहकर्मियों ने उनके मोबाइल नंबर 8872531825 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लगातार बंद मिला। देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता और बढ़ गई।

खोजबीन के दौरान नवल किशोर की मोटरसाइकिल खगड़िया रेलवे स्टेशन के स्टैंड में खड़ी मिली। इसकी पुष्टि उनके पिता रामा राय ने की है। बाइक मिलने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

नवल किशोर के बहनोई मिथिलेश कुमार और ससुर लाल प्रसाद राय ने बताया कि नवल एक जिम्मेदार और अनुशासित व्यक्ति हैं तथा उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में बिना किसी सूचना के उनका लापता होना बेहद असामान्य है। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।

इस संबंध में एसबीआई मुंगेर के मुख्य प्रबंधक की ओर से कोतवाली थाना, मुंगेर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और संबंधित थानों को अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

वहीं, परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नवल किशोर कुमार के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वे नजदीकी थाना या दिए गए संपर्क नंबर 7829629628 पर तुरंत सूचना दें।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment