नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में एक बड़ा बदलाव जल्द देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मौजूदा अध्यक्ष और 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसकी वजह BCCI के संविधान में तय की गई 70 साल की आयु सीमा है, जिसे पार करने के बाद कोई भी पदाधिकारी अपने पद पर नहीं रह सकता।
रोजर बिन्नी अब 70 वर्ष के हो चुके हैं, जिसके चलते वे इस पद पर बने रहने के अयोग्य हो जाएंगे। इसी के मद्देनज़र राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष (Acting President) नियुक्त कर दिया गया है और उन्होंने अपना कार्यभार संभाल भी लिया है। शुक्ला वर्ष 2020 से BCCI के उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
माना जा रहा है कि जब तक नया अध्यक्ष नहीं चुना जाता, तब तक राजीव शुक्ला बोर्ड की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। इसी बीच, 27 अगस्त को उनकी अध्यक्षता में बोर्ड अधिकारियों की एक बैठक भी हुई, जिसमें Dream11 के हटने के बाद टीम इंडिया के नए टाइटल स्पॉन्सर को लेकर चर्चा की गई। यह इस बात का संकेत है कि बोर्ड में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
गौरतलब है कि रोजर बिन्नी को 2022 में सौरव गांगुली की जगह BCCI का 36वां अध्यक्ष बनाया गया था। गांगुली 2019 से 2022 तक इस पद पर रहे थे। बिन्नी, BCCI की कमान संभालने वाले तीसरे पूर्व क्रिकेटर हैं।
दिलचस्प यह है कि भले ही नया राष्ट्रीय खेल प्रशासन कानून (National Sports Governance Law) लागू होने की प्रक्रिया में है, लेकिन BCCI सितंबर में अपनी वार्षिक आम बैठक (AGM) और चुनाव मौजूदा संविधान के तहत ही कराएगा। खेल मंत्रालय ने साफ किया है कि जब तक नया कानून औपचारिक रूप से लागू नहीं हो जाता, तब तक चुनाव लोढ़ा समिति की सिफारिशों पर आधारित वर्तमान संविधान के अनुसार ही होंगे।