प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में आयोजित ‘एआई एक्शन समिट’ में अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से करोड़ों लोगों की जिंदगी में बदलाव लाया जा सकता है और यह स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और कई अन्य क्षेत्रों में सुधार करके लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बना सकता है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत एक सरल उदाहरण से की और कहा, “अगर आप अपनी मेडिकल रिपोर्ट को एआई एप्लिकेशन पर अपलोड करते हैं, तो यह आपको बिना किसी शब्दजाल के आपकी बीमारी के बारे में सब कुछ समझा सकता है। लेकिन यदि आप उसी ऐप से किसी व्यक्ति की छवि बनाने के लिए कहेंगे, जो बाएं हाथ से लिखता है, तो ऐप संभवतः दाहिने हाथ से लिखने वाले व्यक्ति की छवि बना देगा।”
‘राजनीति को बदल रहा AI’
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि एआई राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और समाज को बदल रहा है। उन्होंने सामूहिक वैश्विक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा, “शासन और मानकों को स्थापित करने के लिए हमें साझा वैश्विक प्रयासों की आवश्यकता है, ताकि हम जोखिमों का समाधान कर सकें, विश्वास का निर्माण कर सकें और हमारे साझा मूल्यों को बनाए रख सकें।”
मोदी ने आगे कहा, “सीमाओं के पार भी गहरी परस्पर निर्भरता है। इसलिए, शासन और मानकों को स्थापित करने के लिए वैश्विक सहयोग की आवश्यकता है। शासन केवल जोखिमों के प्रबंधन के बारे में नहीं है, बल्कि यह नवाचार को बढ़ावा देने और उसे वैश्विक भलाई के लिए तैनात करने के बारे में भी है। इसलिए हमें गहराई से सोचने की जरूरत है और नवाचार और शासन पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए।”