चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, 12 राउंड फायरिंग से दहशत

Property dealer shot dead in Chandigarh's Sector 9; 12 rounds of firing trigger panic

चंडीगढ़: सेक्टर-9 इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय चरणप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई जब वह जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ रहा था। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ करीब 12 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चरणप्रीत को उसकी गाड़ी से निकालकर पीजीआई अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे और पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहने हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे तेजी से मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 12 गोलियां चलाईं, जिनमें से कई चरणप्रीत के पेट, छाती और बाजू में लगीं। अधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह मुल्लांपुर के गांव कुब्बाहेड़ी का निवासी था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। घटनास्थल से 12 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। खास बात यह है कि यह वारदात चंडीगढ़ प्रशासन और एसएसपी कार्यालय से महज कुछ मिनट की दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मृतक को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं और उसने इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन उसे सुरक्षा नहीं मिल पाई। उसका हथियार लाइसेंस भी लंबित बताया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे एक स्थानीय नेता ने बताया कि चरणप्रीत सिंह अविवाहित था और पिछले कुछ समय से रियल एस्टेट के कारोबार में सक्रिय था। करीब डेढ़ साल पहले ही उसने अपना ऑफिस शुरू किया था। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment