पटना: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आरजेडी ने पटना में माई-बहिन सम्मेलन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में लंबे समय बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपनी पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आईं। राबड़ी देवी ने सम्मेलन में भाषण देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार द्वारा विधान परिषद में उनके बारे में दिए गए बयान पर वह कुछ नहीं बोलेंगी और कीचड़ में नहीं उतरना चाहतीं।
नीतीश कुमार पर सीधा हमला
आरजेडी के माई-बहिन सम्मेलन को संबोधित करते हुए राबड़ी देवी ने कहा, “आप देख रहे होंगे कि कल विधान परिषद और विधान सभा में सरकार किस तरह से बोल रही थी। हम आप सब से पूछना चाहते हैं कि 2005 में नीतीश कुमार आये। क्या 2005 में ही नीतीश कुमार का जन्म हुआ था? वे कहते हैं कि हमने यह किया, वह किया… सब कुछ कर दिया।”
नीतीश कुमार की घर की महिलाएं
राबड़ी देवी ने कहा, “नीतीश कुमार यह कहते हैं कि 2005 से पहले महिलाएं कपड़े पहनती थीं? क्या 2005 से पहले लोग कपड़े नहीं पहनते थे? हम आपसे पूछना चाहते हैं क्या 2005 से पहले नीतीश कुमार के घर की महिलाएं ऐसे ही रहती थीं, बिना कपड़े के? यह नीतीश कुमार को खुद बताना चाहिए।”
तेजस्वी यादव की सरकार बनाने की अपील
राबड़ी देवी ने आगे कहा, “नीतीश कुमार ने कुछ नहीं किया। उनके खास लोग सारा पैसा खा गए और हमारे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसा दिया गया। लेकिन अब बिहार के लोग इसका जवाब देंगे।” उन्होंने महिलाओं से अपील की, “आप तेजस्वी की सरकार बनाइए, हम गारंटी लेते हैं कि हर वादा पूरा होगा। हर माई-बहिन को ढ़ाई-ढ़ाई हजार रुपये महीने में मिलेंगे, वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर डेढ़ हजार किया जाएगा, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका और जीविका दीदी का पैसा बढ़ाया जाएगा। अगर तेजस्वी ये काम नहीं करेंगे, तो हम भी यहीं रहेंगे, आप भी यहीं रहिएगा। हम इसका गवाह रहेंगे।”