नई दिल्ली/पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए बिहार से शिवेश कुमार उर्फ शिवेश राम को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने इस बार संगठन से लंबे समय से जुड़े एक जमीनी नेता पर भरोसा जताया है।
शिवेश कुमार का जुड़ाव आरंभ से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत संघ के स्वयंसेवक के रूप में की थी। वर्ष 2006 से 2010 तक वे भोजपुर जिले की 20 सूत्री समिति के सदस्य रहे और इस दौरान सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके बाद वर्ष 2010 में वे भोजपुर जिले की अगिआंव विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए और 2015 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। संगठनात्मक स्तर पर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे बिहार भाजपा के प्रदेश सचिव, फिर प्रदेश उपाध्यक्ष और वर्तमान में प्रदेश महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं।
दलित समुदाय से आने वाले शिवेश राम सासाराम और भोजपुर क्षेत्र में एक सक्रिय और प्रभावशाली नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। पार्टी इस फैसले को सामाजिक संतुलन और समर्पित कार्यकर्ता के सम्मान के रूप में देख रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्णय बिहार में कैडर आधारित राजनीति को और मजबूती देने का संकेत है। घोषणा के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, जबकि अब सबकी निगाहें आगामी राज्यसभा चुनाव पर टिकी हैं।