नई दिल्ली। दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए उन्हें मौजूदा क्षेत्रीय हालात के मद्देनजर गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यूएई में सभी भारतीय नागरिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्राओं से परहेज करें और यूएई प्रशासन तथा भारतीय मिशन द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया कि अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास और दुबई में कॉन्सुलेट जनरल सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर ताजा अपडेट जारी किए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक टोल-फ्री नंबर 800-46342 और व्हाट्सएप नंबर +971543090571 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसी बीच, रियाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ईरानी ड्रोन हमलों की घटना के बाद आग लगने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर है। घटना के बाद अमेरिकी दूतावास ने रियाद, जेद्दा और धाहरान के लिए ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ एडवाइजरी जारी की है। साथ ही क्षेत्र में सैन्य ठिकानों की गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगाने और सऊदी अरब में रह रहे अमेरिकी नागरिकों से तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की गई है।
अमेरिकी मिशन ने बयान में कहा कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों से ताजा सुरक्षा अलर्ट की जानकारी लेते रहने को कहा है। बयान में अमेरिकी नागरिकों को व्यक्तिगत सुरक्षा योजना तैयार रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।