मुम्बई: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर 19 जनवरी को उनके घर पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी शरीफुल इस्लाम (30) का चेहरा अब सीसीटीवी फुटेज से मेल खाता पाया गया है। पुलिस ने आरोपी शरीफुल इस्लाम के चेहरे की पहचान सैफ अली खान के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से की है। बांद्रा पुलिस का दावा है कि हमलावर वही शख्स था, जो सीसीटीवी में दिख रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि
इससे पहले, मीडिया रिपोर्ट्स में यह सामने आया था कि आरोपी शरीफुल के फिंगरप्रिंट क्राइम सीन से प्राप्त फिंगरप्रिंट्स से मेल नहीं खा रहे थे, जिससे उसकी पहचान को लेकर संदेह पैदा हो गया था। हालांकि, 31 जनवरी को पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपी का चेहरा अभिनेता के घर के सीसीटीवी फुटेज से मेल खाता है, साथ ही अन्य फुटेज से भी इसे सत्यापित किया गया है।
आरोपी का पृष्ठभूमि
शरीफुल इस्लाम, जो बांग्लादेश का नागरिक है, को 19 जनवरी को ठाणे में गिरफ्तार किया गया था। इस्लाम के पिता, मोहम्मद रूहुल अमीन ने पुष्टि की थी कि उनका बेटा बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) से जुड़ा हुआ था और राजनीतिक उत्पीड़न से बचने के लिए वह बांग्लादेश से भागकर भारत आया था। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया था कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा शख्स उनका बेटा नहीं है।
भारत में अवैध प्रवेश और सैफ के घर में घुसने का इरादा
पुलिस के मुताबिक, इस्लाम बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में आया था और सीमा पार करने के बाद उसने अपना नाम बदलकर बिजॉय दास रख लिया था। उसने पुलिस को बताया कि उसे नकली भारतीय नागरिकता के दस्तावेज़ प्राप्त करने के लिए पैसे का वादा किया गया था, और इन्हीं दस्तावेजों के बदले में वह सैफ अली खान के घर चोरी करने गया था।
अदालत में पेशी
कोर्ट ने सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसकर हमला करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शहजाद को 29 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेजा था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है और इस मामले की जांच जारी है।