Samastipur Theft: समस्तीपुर के ऐतिहासिक चकोटी मठ में बड़ी चोरी, 200 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्तियां और आभूषण ले उड़े चोर

Samastipur Theft: Major theft at Samastipur's historic Chakoti Math; thieves make off with 200-year-old *Ashtadhatu* idols and jewelry.

समस्तीपुर:  बिहार के समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक चकोटी मठ में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर मंदिर के गर्भगृह से भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की करीब 200 वर्ष पुरानी अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियां, बहुमूल्य आभूषण, दानपेटी और अन्य धार्मिक सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।

सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी को मिली घटना की जानकारी

बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात देर रात हुई। अगले दिन सुबह जब पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो भगवान की प्राचीन मूर्तियां, धनुष-बाण, छत्र, आभूषण, दानपेटी और अन्य कीमती धार्मिक वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी गई।

डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की बताई जा रही कीमत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी हुई अष्टधातु की मूर्तियां करीब 200 साल पुरानी हैं। इनके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य बहुमूल्य धार्मिक सामग्री भी चोरी हुई है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

हाल ही में हुआ था प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

चकोटी मठ क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक आस्था का केंद्र माना जाता है। जून 2026 में यहां 11 दिवसीय विष्णु महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया था। 24 जून को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे और भगवान विष्णु के 24 अवतारों की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा में भाग लिया था।

महंत ने जल्द कार्रवाई की मांग की

मठ के महामंडलेश्वर श्री राम सेवक दास महाराज ने कहा कि चोरी हुई अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियां उन्हें उनके गुरु से प्राप्त हुई थीं, जिन्हें वर्ष 2012 में चकोटी मठ में स्थापित किया गया था। उन्होंने इसे केवल चोरी नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था पर बड़ा आघात बताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द मूर्तियों की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment