संझौली संवाददाता: थाना क्षेत्र के आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर बुधवार की दोपहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाड़ी नहर-बेनसागर मोड़ के पास सड़क किनारे चाट में एक युवक का शव देखा गया। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाल कर पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
मृतक की पहचान संझौली निवासी विजय मुसहर के 16 वर्षीय पुत्र चोखा मुसहर के रूप में हुई। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महादलित महिलाएं भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
थानाध्यक्ष शिव कुमार मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत पानी में डूबने से प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।