वैशाली में ट्रक और हाइवा की आमने-सामने की भीषण टक्कर, आग लगने से तीन की दर्दनाक मौत

वैशाली | बिक्रम कुमार सिंह की रिपोर्ट

बिहार के वैशाली जिले से इस वक्त की एक बड़ी और बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर स्थित सुभई चौक (रंगीला चौक) के पास ट्रक और हाइवा में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे दोनों चालकों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

हादसे में एक खलासी की मौत की भी आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीएम और एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

 टक्कर के बाद लगी भीषण आग, फटा सीएनजी टैंक
घटना के समय दो हाइवा, एक बोलेरो और एक सीएनजी ऑटो आपस में टकरा गए। टक्कर के कारण ऑटो का सीएनजी टैंक फट गया, जिससे वाहन में सवार यात्री और चालक बुरी तरह झुलस गए। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 आग पर काबू पाने में लगी दमकल की तीन गाड़ियां
घटना के बाद दमकल की तीन टीमों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। लेकिन तब तक दोनों चालकों की जलकर मौत हो चुकी थी। आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा, लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

  यातायात पूरी तरह बाधित
भीषण हादसे के चलते हाजीपुर-महुआ पथ पर घंटों तक यातायात ठप रहा। पुलिस ने क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया और रास्ता खाली कराया।

  प्रशासन ने संभाली कमान
एसडीएम, एसडीपीओ, थाना पुलिस सहित प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर मौजूद रहा और राहत कार्यों की निगरानी की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

यह हादसा न केवल मानव जीवन की क्षति का दर्दनाक उदाहरण है, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment