ऑपरेशन सिंदूर पर शशि थरूर की सरकार और सेना को सराहना – “यह आत्मरक्षा में उठाया गया साहसिक कदम”

Shashi Tharoor praises the government and the army on Operation Sindoor – “It was a bold step taken in self-defense”

नई दिल्ली: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में किए गए एयरस्ट्राइक को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजनयिक शशि थरूर ने भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने इसे “सोची-समझी और रणनीतिक कार्रवाई” बताया।

थरूर ने कहा, “यह ऑपरेशन आत्मरक्षा में किया गया साहसिक कदम है, जिसका उद्देश्य आतंकवाद को करारा जवाब देना था।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय सेना ने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और आम नागरिकों को नुकसान से बचाया, जो कि सेना की प्रोफेशनलिज़्म और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

थरूर ने जानकारी दी कि इस ऑपरेशन में कम से कम 9 आतंकी लॉन्च पैड्स और ट्रेनिंग कैंप तबाह किए गए, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा के मुरादके कैंप, जैश-ए-मोहम्मद का अब्बास कैंप, सरजल, बरनाला और महमूना जोया जैसे प्रमुख अड्डे शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “भारतीय सेना ने यह ऑपरेशन पूरी समझदारी और सूझबूझ से अंजाम दिया, जिससे न सिर्फ आतंकियों को बड़ा झटका लगा है, बल्कि पाकिस्तान को भी एक स्पष्ट संदेश गया है कि भारत अब किसी भी आतंकी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगा।”

पाकिस्तान के साथ भविष्य में किसी भी बातचीत की संभावना को खारिज करते हुए थरूर ने कहा, “पाकिस्तान को समझना होगा कि भारत अब कमजोर नहीं है। अगर वह शांति नहीं चाहता, तो वह भारत के सामने चार दिन भी नहीं टिक पाएगा।”

सामान्यतः सरकार की नीतियों की आलोचना करने वाला विपक्ष, थरूर के इस बयान के चलते इस बार रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार के साथ खड़ा नजर आ रहा है। थरूर ने अंत में कहा, “यह राजनीति का समय नहीं, देश के साथ एकजुटता दिखाने का समय है।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment