पूर्णिया: जब अधिकांश लोग शादी के दिन सिर्फ अपने खास पलों में खोए रहते हैं, वहीं पूर्णिया के सुशांत कुशवाहा ने एक मिसाल कायम की है। उन्होंने अपनी शादी के दिन दो घंटे के लिए बारात रोक दी ताकि वे “ऑपरेशन अभ्यास” के तहत आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा मॉक ड्रिल में भाग ले सकें। सुशांत का यह कदम अब देशभक्ति की प्रेरणादायक कहानी बन गया है।
घटना बुधवार की है, जब सुशांत की बारात शाम 6 बजे पूर्णिया से अररिया के लिए निकलनी थी। लेकिन जैसे ही उन्हें जानकारी मिली कि उसी दिन केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर पूरे देश के 244 जिलों में मॉक ड्रिल हो रही है, उन्होंने राष्ट्र सेवा को प्राथमिकता दी और बारात को रोक दिया।
सुशांत ने पूरे आत्मविश्वास के साथ परिवार और दुल्हन पक्ष को अपने फैसले की जानकारी दी और कहा, “आज मेरी शादी है, लेकिन उससे बड़ा गर्व इस बात का है कि मैं उस दिन मॉक ड्रिल का हिस्सा बना, जिस दिन हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर करारा प्रहार किया।”
ड्रिल में भाग लेने के बाद रात 8 बजे बारात रवाना हुई। सुशांत के इस निर्णय की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है और लोग उन्हें “वायरल ग्रूम” कह रहे हैं।
बता दें कि यह मॉक ड्रिल भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के बाद आयोजित की गई थी, जिसमें पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। इसी के अंतर्गत नागरिकों की सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए यह अभ्यास देशभर में आयोजित किया गया।