शिमला : हिमाचल के युवाओं के लिए अनुराग ठाकुर शुरू करेंगे लीडरशिप फेलोशिप प्रोग्राम

Shimla: Anurag Thakur to launch a leadership fellowship program for the youth of Himachal Pradesh.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लगातार पक्षधर रहे हैं। वे कई मंचों से ऐसे एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने की बात कह चुके हैं, जिनके परिवार का कोई सदस्य सक्रिय राजनीति से जुड़ा न हो। हाल ही में भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचन के बाद प्रधानमंत्री ने एक बार फिर इस विचार को दोहराया।

इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए एक लीडरशिप फेलोशिप प्रोग्राम शुरू करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम 23 जनवरी को धर्मशाला से प्रारंभ होगा। इसके पहले चरण में वरिष्ठ पत्रकारों, प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों और जेन-जी इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद कार्यक्रम एवं भोजन बैठक आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर से एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने का आह्वान किया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश के युवाओं को राजनीति से जोड़ने, नीति निर्माण की समझ विकसित करने और नेतृत्व की अगली पीढ़ी तैयार करने के उद्देश्य से इस लीडरशिप फेलोशिप प्रोग्राम की शुरुआत का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अपनी तरह का अनूठा प्रयास है, जिसका उद्देश्य हजारों युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक समझ और सकारात्मक प्रभाव डालने के आवश्यक गुणों का विकास करना है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में भाजपा हिमाचल युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के युवाओं को राजनीति में लाने के विजन, सामाजिक जीवन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और युवाशक्ति को राष्ट्रनिर्माण में लगाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह फेलोशिप कार्यक्रम राजनीति में दक्ष, शासन में सक्षम, नीतिगत समझ रखने वाले और सामाजिक रूप से संवेदनशील नेतृत्व की अगली पीढ़ी तैयार करने का माध्यम बनेगा। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार युवाओं को केंद्र में रखकर नीतियां बना रही है।

उन्होंने ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह युवाओं को सेवा, नेतृत्व और कौशल विकास के नए अवसर प्रदान कर रही है। साथ ही हिमाचल प्रदेश में युवाओं को अधिक अवसर देने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए सांसद खेल महाकुंभ, सांसद भारत दर्शन और ‘एक से श्रेष्ठ’ जैसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment