नई दिल्ली: इंडियन आइडल 12 के विजेता और लोकप्रिय सिंगर पवनदीप राजन उत्तराखंड से नोएडा जाते समय एक भीषण सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना गजरौला में उस वक्त हुई जब उनकी कार हाईवे किनारे खड़े एक कैंटर में पीछे से जा टकराई। हादसा तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ।
कार में पवनदीप के साथ उनके पड़ोसी साथी अजय मेहरा और ड्राइवर राहुल सिंह भी मौजूद थे। तीनों हादसे में घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राथमिक जांच के अनुसार, हादसा ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुआ। पवनदीप को बाएं पैर और दाहिने हाथ में चोटें आई हैं। हालांकि, अब तक उनकी मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं की गई है।
बताया गया है कि पवनदीप उत्तराखंड के चंपावत जिले के सिलेन टाक गांव के रहने वाले हैं। वह अपने साथी अजय और ड्राइवर के साथ एमजी हेक्टर कार में चंपावत से दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली से उन्हें हैदराबाद के लिए फ्लाइट पकड़नी थी, जहां उनका नाइट शो निर्धारित था।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है, हालांकि अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।