श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने गुरुवार को जम्मू के रेजिडेंसी रोड स्थित ‘कश्मीर टाइम्स’ के बंद पड़े कार्यालय पर बड़ी छापेमारी की। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, भारत के खिलाफ असंतोष भड़काने और देश की संप्रभुता के लिए खतरा पैदा करने के गंभीर आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
छापे में SIA को चौंकाने वाली चीजें मिलीं:
- AK-47 राइफल के कई कारतूस
- पिस्टल के राउंड
- हैंड ग्रेनेड की पिन
- कई संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल उपकरण
टीम ने सुबह से दोपहर तक कई घंटों तक दफ्तर की तलाशी ली। इस मामले में अखबार की कार्यकारी संपादक अनुराधा भसीन के खिलाफ SIA ने औपचारिक FIR (नंबर 02/2025) दर्ज कर ली है। उन पर गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम की धारा-13 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि कश्मीर टाइम्स की संस्थापक वेद भसीन की बेटी अनुराधा भसीन और उनके पति प्रमोद जम्वाल लंबे समय से विदेश में रह रहे हैं। वर्षों से अखबार का नियमित प्रकाशन भी बंद है और जम्मू का यह कार्यालय ताला लगा हुआ था। फिर भी SIA को यहां से हथियारों से जुड़ी सामग्री मिलना जांच एजेंसी के लिए बड़ा सुराग माना जा रहा है।
SIA के एक अधिकारी ने बताया कि बरामद सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा।
गौरतलब है कि कश्मीर टाइम्स जम्मू-कश्मीर का सबसे पुराना अंग्रेजी दैनिक माना जाता रहा है, लेकिन पिछले कई सालों से यह विवादों में भी रहा है। अब SIA की यह कार्रवाई मामले को नया मोड़ दे रही है। जांच आगे बढ़ने पर कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।