पटना एयरपोर्ट पर फिर आमने-सामने हुए तेज प्रताप यादव और रवि किशन, कानों में हुई ‘राजनीतिक’ फुसफुसाहट से अटकलें तेज

Tej Pratap Yadav and Ravi Kishan face off again at Patna airport, sparking speculation as whispers of "political" exchanges between them

पटना: बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ाने वाली एक और मुलाकात ने फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और भाजपा सांसद व अभिनेता रवि किशन की यह दूसरी मुलाकात आज पटना एयरपोर्ट पर हुई।

एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं को आपस में कानों में कुछ कहते हुए देखा गया, जिसकी बातें आसपास मौजूद किसी को सुनाई नहीं दीं। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयासों का बाजार गर्म हो गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी दोनों की मुलाकात एयरपोर्ट पर हो चुकी है, जिसके बाद यह चर्चा तेज हुई थी कि कहीं तेज प्रताप यादव भाजपा का दामन तो नहीं थामने जा रहे हैं।

आज की मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने एक स्वर में “हर हर महादेव” का जयघोष किया। सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच हुई यह बातचीत बिहार की राजनीति में किसी बड़े बदलाव का संकेत दे रही है।

मीडिया कर्मियों ने भी इस मुलाकात को ध्यान से देखा, लेकिन किसी को यह समझ नहीं आया कि आखिर दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई। अब सबकी निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब इस ‘फुसफुसाहट’ का राजनीतिक अर्थ सामने आ सकता है।

इस दौरान रवि किशन ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को है, और जनता इस बार महागठबंधन को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा, “पहले चरण के बाद ही सब कुछ साफ है, दूसरे चरण में भी माहौल हमारे पक्ष में है।”

रवि किशन ने कहा कि विपक्ष अब हार की बौखलाहट में अपना बाल नोच रहा है, जिसने बिहार को कभी बदहाली के दौर में पहुंचा दिया था। उन्होंने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को बिहार में डबल इंजन की सरकार बनेगी और राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

तेज प्रताप से मुलाकात के बाद रवि किशन ने मुस्कुराते हुए कहा,
“महादेव के जोड़ा बा… महादेव जी सब तय करले बा… महादेव के संखनाद संगे जय हो!”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment