तेज प्रताप यादव ने लॉन्च किया नया सोशल मीडिया पेज, नई पार्टी की अटकलें तेज़

Tej Pratap Yadav launches new social media page, speculation of new party intensifies

पटना: आरजेडी से निष्कासित होने के बाद लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने रविवार को “टीम तेज प्रताप यादव” नाम से अपना नया सोशल मीडिया पेज लॉन्च किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) और फेसबुक पर यह पेज बनाकर अपनी राजनीतिक गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने का संकेत दिया है। इस पेज पर तेज प्रताप ने एक नारा भी लिखा है –
“जिसका कायम है प्रताप, वह है आपका अपना तेज प्रताप।”

पेज लॉन्च होते ही अटकलों का दौर तेज हो गया है कि क्या तेज प्रताप अब अपनी नई पार्टी बनाने की तैयारी कर रहे हैं? हालांकि तेज प्रताप ने अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके करीबियों का कहना है कि वह जल्द ही नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर सकते हैं।

बता दें कि कुछ समय पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके साथ ही उन्हें पारिवारिक स्तर पर भी अलग-थलग कर दिया गया था। पार्टी निष्कासन की चिट्ठी सार्वजनिक हो चुकी है, लेकिन विधानसभा को अब तक इसकी औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में संभावना है कि तेज प्रताप आगामी मॉनसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बगल में पुराने स्थान पर ही बैठते नजर आएं।

तेज प्रताप यादव के नए सोशल मीडिया पेज पर उनके माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी की तस्वीर भी लगाई गई है, जिससे संकेत मिलता है कि वह अपने राजनीतिक और पारिवारिक रिश्तों को लेकर एक नया संदेश देना चाह रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से इस पेज को फॉलो करने की भी अपील की है।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक लड़की अनुष्का के साथ तस्वीर साझा कर यह दावा किया था कि वे 12 साल से रिश्ते में हैं। यह पोस्ट कुछ देर में डिलीट कर दी गई थी, लेकिन इसके बाद से ही तेज प्रताप को लेकर विवाद गहराया और अंततः उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया।

अब तेज प्रताप के इस नए डिजिटल और राजनीतिक कदम से बिहार की राजनीति में एक नई करवट की संभावना जताई जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment